टोंक (सच्चा सागर)। जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के मोटूका गांव में गुरुवार को खेत में काम कर रहे एक किसान पर कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया तथा ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। जानकारी के अनुसार किसान गोपी लाल अपने खेत पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान चार कारों में सवार होकर पहुंचे कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे गोपी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घायल किसान को ग्रामीणों की सहायता से उपचार के लिए निवाई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर बरौनी थाना प्रभारी नारायण सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला अचानक हुआ, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे जमीनी विवाद को कारण बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
