लवादर गांव में बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव के टुकड़े कट्टों में फेंके, क्षेत्र में फैली सनसनी
टोंक। टोंक के मेंहदवास थाना क्षेत्र के लवादर गांव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव के टुकड़े कर चार कट्टों में भरकर फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान हरबाई पत्नी केसरा गुर्जर के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार दुर्गंध आ रही थी। गुरुवार देर रात बदबू अधिक तेज होने पर ग्रामीणों ने वहां पड़े कट्टों की जांच की, जिसमें महिला के शव के टुकड़े मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मेंहदवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव को पहचान छिपाने की नीयत से अलग-अलग कट्टों में भरकर वन क्षेत्र के क्लोजर में फेंका गया हो सकता है। पुलिस ने बताया कि शव अत्यंत क्षत-विक्षत अवस्था में मिला तथा उसके कुछ हिस्सों को जानवरों द्वारा नुकसान पहुंचाने के संकेत भी मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव, डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा, एफएसएल एवं एमओबी टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से कुछ जेवर भी बरामद हुए, जिनके आधार पर मृतका की पहचान की पुष्टि की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सआदत अस्पताल टोंक की मोर्चरी में रखवाया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस मृतका के अंतिम समय की गतिविधियों, हत्या के कारणों और संभावित आरोपियों की तलाश सहित सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के जल्द खुलासे के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है और हर संभव साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

