नगरफोर्ट (सच्चा सागर)। नगरफोर्ट तहसील के ग्राम रघुनाथपुरा पटवार हल्का बिलासपुर में श्मशान मार्ग को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामवासी लादी देवी पुत्री हरनाथ व कन्हैयालाल पुत्र ईश्वर लाल जाति गुर्जर ने 12 जून को तहसीलदार नगरफोर्ट को प्रार्थना पत्र देकर नियम अनुसार सरकारी भूमि पर से रास्ता निकालने की मांग की थी जिसे 6 दिन बीत जाने के बाद भी पटवारी सहित कोई राजस्व अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि पूर्व में निकाले गए रास्ते के दूसरी तरफ सिवायचक भूमि मौजूद होने के बावजूद सिर्फ प्रार्थी की खातेदारी-कब्जा काश्त भूमि खसरा 187 व 198 से ही रास्ता निकाला गया। पीडि़तों का कहना है कि रास्ता निकालने गए राजस्व कर्मियों ने पहले से मौजूद सरकारी सिवायचक भूमि पर कब्जा करने वाले अतिक्रमणकारियों से मिलीभगत कर उनकी भूमि पर रास्ता निकालकर आर्थिक नुकसान पहुंचाया। पीडि़त परिवार ने मांग की है कि वर्षा ऋतु से पहले दूसरी राजस्व टीम गठित कर परंपरागत सरकारी भूमि पर पहले की तरह रास्ता रखा जाए और उनकी खातेदारी भूमि पर किसी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए।
प्रशासन का रुख
तहसीलदार रामधन मीणा के निर्देश पर प्रार्थना को तहसील ने क्रमांक 473 पर दर्ज कर संबंधित हल्का पटवारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके 6 दिन बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पूछा है। पीडि़तों का कहना है कि यह हल्का पटवारी सहित राजस्व कर्मियों की अतिक्रमणकारियों से मिलीभगत को उजागर करता है।
