संघटित और शक्तिशाली समाज ही दुनिया को दिशा दे सकता है : जसवंत खत्री


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ शिक्षा वर्ग-2026 का समारोप समारोह सम्पन्न

टोंक (सच्चा सागर)।  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जयपुर प्रान्त के संघ शिक्षा वर्ग-2026 का समारोप समारोह सेंट सोल्जर सीनियर सेकेंडरी स्कूल टोंक में आयोजित किया गया। समारोह धन्ना पीठाधीश्वर बजरंगदेवाचार्य महाराज एवं रामद्वारा टोंक के पूज्य संत कोमलराम महाराज के सान्निध्य तथा सेवानिवृत्त सहायक कस्टम कमिश्नर राजेन्द्र महावर के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संघ के क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री रहे। अपने उद्बोधन में जसवंत खत्री ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत आज अपनी शक्ति और सामर्थ्य के बल पर विश्व के समक्ष मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक एवं सैन्य सभी दृष्टियों से विश्व की प्रमुख शक्तियों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों के बीच दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। खत्री ने कहा कि कुछ शक्तियां भारत की एकता और अखंडता को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, जिनसे समाज को सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि सम्पूर्ण विश्व के कल्याण और सुख की अवधारणा कहीं दिखाई देती है तो वह सनातन संस्कृति में है। भारत सदैव ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:’ की भावना के साथ विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता रहा है। उन्होंने वर्तमान समय में हिन्दू समाज के संगठन और सामूहिक शक्ति की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि संगठित एवं शक्तिशाली समाज ही विपरीत परिस्थितियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है। संघ शिक्षा वर्ग के सर्वाधिकारी अशोक कुमार मित्तल ने वर्ग का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा समाज एवं राष्ट्र के लिए समर्पित, अनुशासित और राष्ट्रीय चिंतन वाले कार्यकर्ताओं के निर्माण हेतु नियमित रूप से प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जयपुर प्रान्त में इस वर्ष तीन प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि टोंक में 22 मई से प्रारम्भ हुए इस वर्ग में जयपुर प्रान्त के 24 जिलों से आए 123 शिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ग में 21 शिक्षकों, 20 प्रबंधकों एवं 10 जिला प्रमुखों ने पूर्णकालिक भूमिका निभाई। शिक्षार्थियों ने 15 दिनों तक कठोर दिनचर्या का पालन करते हुए शारीरिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण प्राप्त किया। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 123 गमलों में बीजारोपण किया गया तथा जल संरक्षण के लिए मिट्टी से बर्तन साफ कर हजारों लीटर पानी की बचत की गई। वर्ग के दौरान अखिल भारतीय सम्पर्क प्रमुख रामलाल सहित संघ के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन एवं सान्निध्य प्राप्त हुआ। समारोह में विभिन्न विभागों, संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय परिवारों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। समारोह में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पंडित सुरेश दुबे, सेंट सोल्जर शिक्षा समिति के निदेशक बाबूलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, महिला-पुरुष एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने