सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने आयोजित किया मेगा एग्री क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम


38 किसानों को मिले 9 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र

टोंक (सच्चा सागर)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जयपुर क्षेत्र द्वारा कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेगा एग्री क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का भव्य आयोजन अग्रवाल धर्मशाला, टोंक में किया गया। कार्यक्रम में टोंक जिले की सभी शाखाओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जयपुर जोन के आंचलिक प्रमुख अनिल कुमार एवं जयपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख राजेश कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश कुमार, उप निदेशक कृषि विभाग तथा विकास लोढ़ी अध्यक्ष बार एसोसिएशन टोंक रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय क्षेत्रीय समन्वयक मनीष मधुकर एवं सुरेन्द्र मीणा द्वारा किया गया। इस अवसर पर किसानों को कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के लिए उपलब्ध विभिन्न वित्तीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बैंक अधिकारियों ने किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम-कुसुम योजना, पीएमएफएमई योजना, पॉलीहाउस परियोजनाओं, कृषि यंत्रीकरण, डेयरी एवं अन्य कृषि ऋण योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने संबोधन में बैंक अधिकारियों ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथियों ने कृषि क्षेत्र में संस्थागत ऋण की महत्ता बताते हुए किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुडक़र आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान 38 किसानों को लगभग 9 करोड़ के ऋण स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए गए। इनमें पीएम-कुसुम, पीएमएफएमई, पॉलीहाउस एवं किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न कृषि एवं कृषि आधारित योजनाओं के ऋण शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। किसानों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे कृषि विकास, ग्रामीण समृद्धि एवं वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने