टोंक (सच्चा सागर)। अधीक्षण अभियंता प्रोजेक्ट टोंक के निर्देशों के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में पेयजल सप्लाई को दुरुस्त रखने एवं अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए लगातार अवैध जल कनेक्शनों पर कार्यवाही की जा रही है। सहायक अभियंता पूरणमल बैरवा के नेतृत्व में ग्राम पंचायत गुराई से ग्राम श्याला शुक्लपुरा तक जा रही मुख्य वितरण पेयजल पाइपलाइन पर अवैध जल कनेक्शनों को हटाने के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभागीय टीम द्वारा विस्तृत निरीक्षण एवं जांच कर कुल 9 अवैध जल कनेक्शन हटाए गए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी परियोजना खण्ड टोंक के अधिशाषी अभियन्ता आकाशदीप सिंह गुर्जर ने बताया कि अवैध कनेक्शनधारकों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही प्रारम्भ करते हुए कुल 24 हजार 440 के दण्डात्मक शुल्क के नोटिस जारी किए गए। विभाग द्वारा अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध संबंधित पुलिस थाने में भी प्रकरण दर्ज करवाया जाता है। भविष्य में ग्राम पंचायत गुराई से ग्राम श्याला शुक्लपुरा तक जा रही मुख्य वितरण पेयजल पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शनों की पुनावृत्ति ना हो इसके लिए विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अवैध कनेक्शन की पुनरावृत्ति होती है, तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि जल चौरी एवं अवैध कनेक्शनों के कारण गांवों अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल नही मिला पाता है। इसलिए जागरुक नागरिक विभाग का सहयोग करते हुए कही भी अवैध जल कनेक्शन या जल चोरी की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।
