6 दिन 5 रात की कड़ी मेहनत से ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, महिला गिरफ्तार
टोंक। टोंक पुलिस ने महज 6 दिन और 5 रात की लगातार मेहनत के बाद मेहंदवास थाना क्षेत्र के लवादर गांव में हुई वृद्धा की नृशंस हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है। आर्थिक तंगी और कर्ज चुकाने के लिए हत्या की वारदात को अंजाम देने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी तथा लूटे गए चांदी के कड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक टोंक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, तीन पुलिस उपाधीक्षक, दस थानाधिकारियों, डीएसटी एवं साइबर सेल की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई। पुलिस के अनुसार 11-12 जून की रात मेहंदवास थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम लवादर में ग्राम पंचायत के पीछे कचरा डालने के स्थान पर एक महिला का शव पड़ा हुआ है, जिसे जानवरों द्वारा नोचा जा रहा था। सूचना पर पुलिस, एफएसएल, डीएसटी और साइबर सेल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से मिले शव के अवशेष, कपड़े, बोरी, कट्टे और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई। पुलिस ने डोर-टू-डोर सर्वे कर मृतका की पहचान हरबाई गुर्जर (70 वर्ष) निवासी लवादर के रूप में की। जांच में सामने आया कि वृद्धा पिछले दो दिनों से गांव में दिखाई नहीं दी थी। इस पर मेहंदवास थाने में हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों एवं ग्रामीणों से गहन पूछताछ की। साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस टीमों ने गांव के प्रत्येक घर, बाड़े और खेत की तलाशी ली। संदिग्धों की तलाश आसपास के जिलों से लेकर गुजरात के मोरबी तक की गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं का भी गहन विश्लेषण किया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रसाल देवी (58 वर्ष) पत्नी आत्माराम वैष्णव निवासी लवादर को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान थी तथा उसकी नजर मृतका द्वारा पहने जाने वाले चांदी के आभूषणों पर थी। पुलिस के अनुसार 9 जून को आरोपी ने हरबाई को चाय-पानी के बहाने अपने घर बुलाया। वहां अवसर पाकर उसने कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से वृद्धा के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतका के हाथों और पैरों में पहने चांदी के कड़े और कडिय़ां निकालने के लिए हाथ-पैर काट दिए। वारदात के बाद शव को कट्टे और बोरी में भरकर ग्राम पंचायत के पीछे कचरा डालने वाले स्थान पर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लूटे गए चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। मामले के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उचित पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई में मेहंदवास थाना, डीएसटी, साइबर सेल, एमआईयू और एफएसएल की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से तकनीकी एवं सूचना संकलन में पुलिसकर्मियों के प्रयासों को सराहा गया है।
