खेल परिसर में बाहरी तत्वों का उत्पात, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग


वरिष्ठ नागरिकों ने सौंपा ज्ञापन    

मालपुरा (सच्चा सागर)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालपुरा के खेल परिसर में बढ़ती अप्रिय घटनाओं को लेकर बुधवार को वरिष्ठ नागरिकों ने प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपकर ठोस कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय का खेल मैदान जिले के प्रतिष्ठित खेल स्थलों में शामिल रहा है, जहां से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी निकले हैं। लेकिन हाल ही में 6 अप्रैल की शाम बाहरी तत्वों द्वारा खिलाडिय़ों के साथ मारपीट और विशेष रूप से बालिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे नगरवासियों में चिंता व्याप्त है। वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि खेल मैदान में बाइकर्स का प्रवेश कर स्टंट करना और विरोध करने पर खिलाडिय़ों से झगड़ा करना आम होता जा रहा है। इससे खिलाडिय़ों का मनोबल गिर रहा है और खेल गतिविधियों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। समस्या के प्रमुख कारणों में पूर्वी दिशा का गेट हमेशा खुला रहना, चारदीवारी का टूटा होना और परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव बताया गया। टूटी दीवार से असामाजिक तत्वों का विद्यालय परिसर, आडिटोरियम और भवन तक आसानी से पहुंचना संभव हो गया है, जिससे अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। वरिष्ठ नागरिकों ने मांग की कि खेल परिसर के पूर्वी गेट को बंद रखा जाए, टूटी चारदीवारी की जल्द मरम्मत कराई जाए और पूरे मैदान में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा खिलाडिय़ों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पास/आईडी कार्ड जारी करने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और परिसर की निगरानी के लिए चौकीदार नियुक्त करने की भी मांग की गई। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छवि और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है।      


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने