चाकसू में गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंचते ही मची मारामारी, उपभोक्ताओं की लंबी कतारें

- आमीन खान 

चाकसू (सच्चा सागर)। कस्बे के नीलकंठ हनुमान मंदिर के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गैस सिलेंडर से भरी गाड़ी वहां पहुंची। गाड़ी के पहुंचते ही सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और देखते ही देखते मौके पर लंबी कतारें लग गईं। सिलेंडर लेने की जल्दबाजी में लोगों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनती नजर आई। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही थी, जिसके चलते कई उपभोक्ता सिलेंडर खत्म होने की परेशानी झेल रहे थे। जैसे ही लोगों को जानकारी मिली कि नीलकंठ हनुमान मंदिर के पास गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंचने वाली है, बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे। गैस एजेंसी के काउंटर के सामने भारी भीड़ के कारण व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। लोगों को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कई बुजुर्ग महिलाएं भी हाथों में कागजात और टोकन लेकर कतार में खड़ी दिखाई दीं, जिन्हें धूप और गर्मी के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें सुबह से ही लाइन में लगना पड़ा, लेकिन कई घंटों बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाया। लोगों का कहना था कि यदि गैस की सप्लाई नियमित और व्यवस्थित तरीके से की जाए तो इस तरह की भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सकता है। स्थानीय लोगों व उपभोक्ता मोहन, रमेश, सुरेश, जितेन्द्र, राजेश, छोटा देवी, ममता, मनिषा सहित आये हुए सभी उपभोक्ताओं ने बताया की गैस एजेंसी और प्रशासन से मांग की है कि गैस सिलेंडर वितरण की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को घंटों तक धूप में खड़े होकर इंतजार न करना पड़े। गौरतलब है कि चाकसू कस्बे में गैस सिलेंडर वितरण के दौरान अक्सर भीड़ की स्थिति बन जाती है। यदि समय रहते उचित प्रबंधन नहीं किया गया तो भविष्य में भी उपभोक्ताओं को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें और धूप में इंतजार करते उपभोक्ताओं की तस्वीरें पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।            


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने