- राजेश सैन
बनेठा (सच्चा सागर)। उनियारा उपखण्ड क्षेत्र के ककोड़ में चोरी की बढ़ती वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ककोड बस स्टैंड स्थित बालाजी मंदिर में हाल ही में हुई चोरी के बीच यह सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले ही ककोड ग्राम पंचायत के प्रशासक ने उनियारा सीओ को ज्ञापन देकर लगातार हो रही चोरियों पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार पिछले एक वर्ष में क्षेत्र के कई मंदिर चोरों के निशाने पर रहे हैं। वैधनाथ धाम में करीब 10 माह पहले, बरड़ा बालाजी मंदिर में लगभग 8 माह पहले, देवनारायण मंदिर में करीब 6 माह पहले और तेजाजी मंदिर में करीब 4 माह पूर्व चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। अब ताजा मामला ककोड बस स्टैंड स्थित बालाजी मंदिर का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने पीतल की झालरें, त्रिशूल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
ग्राम पंचायत प्रशासक रामबिलास गुर्जर ने बताया कि ग्राम ककोड में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। करीब तीन महीने पहले भी हमने लिखित रूप से पुलिस प्रशासन को अवगत कराया था और गश्त बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी का नतीजा है कि चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और अब मंदिरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आगे और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।
