- विशाल सैनी
टोंक (सच्चा सागर)। टोंक-सवाई माधोपुर के लोकप्रिय सांसद हरीश चन्द्र मीणा ने अपने संसदीय क्षेत्र के उनियारा उपखंड स्थित बनेठा कस्बे से पधारे सैनी समाज के प्रतिनिधि मंडल के साथ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निवास पर पहुंचकर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने सांसद हरीश चन्द्र मीणा के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आगामी 18 व 19 अप्रैल को बनेठा कस्बे में आयोजित होने वाले सैनी समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में पधारने हेतु औपचारिक निमंत्रण प्रदान किया। मुलाकात के दौरान सांसद हरीश चन्द्र मीणा ने पूर्व मुख्यमंत्री को सम्मेलन की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा तथा समाज की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सैनी समाज द्वारा आयोजित यह सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक समरसता, सादगी और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। ऐसे आयोजनों से समाज में फिजूलखर्ची पर अंकुश लगता है तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलती है। प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने बताया कि इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में बड़ी संख्या में जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे तथा कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सैनी समाज द्वारा आयोजित इस प्रकार के सामाजिक और जनहितकारी आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे कार्यक्रम समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री को पारंपरिक रूप से निमंत्रण पत्र भेंट कर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया और सभी ने सम्मेलन को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
