अच्छी शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिलकर किसी भी छात्र की जिंदगी बदल सकते हैं : सचिन पायलट


पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सेंट जोसफ कैंपस में नवीन हॉस्टल भवन का किया उद्घाटन    

टोंक (सच्चा सागर)। सचिन पायलट, पूर्व उप मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार एवं टोंक विधायक ने डाइट रोड स्थित सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल टोंक कैंपस में नवीन हॉस्टल भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्कूल द्वारा आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड के साथ मिलकर नीट-जेईई की संयुक्त तैयारी वाला विशेष कार्यक्रम भी शुरू किया गया। सेंट जोसेफ पब्लिक स्कूल में शुरू किया गया। यह संयुक्त कार्यक्रम स्कूल परिसर के भीतर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है। छोटे शहरों के विद्यार्थियों को बेहतर प्रतियोगी परीक्षा तैयारी उपलब्ध कराने के लिए इस पहल को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर छात्रों, अभिभावकों, स्कूल स्टाफ एवं शिक्षा विशेषज्ञों की उपस्थिति में सचिन पायलट ने कहा कि छोटे शहरों में शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाना आज पहले से कहीं अधिक आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिलकर किसी भी छात्र की जिंदगी बदल सकते हैं। ऐसे कार्यक्रम टोंक जैसे शहरों के विद्यार्थियों को बड़े शहरों जैसी समान अवसर प्रदान करते हैं। इंटीग्रेटेड प्रोग्राम को स्कूल की नियमित पढ़ाई के साथ नीट और जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को जोड़ते हुए तैयार किया गया है। इस व्यवस्था के तहत छात्रों को बाहर कोचिंग जाने की आवश्यकता नहीं होगी और वे प्रारंभिक स्तर से ही सही दिशा में तैयारी कर सकेंगे। कार्यक्रम में आकाश के निर्धारित शिक्षण पद्धति, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं नियमित मूल्यांकन प्रणाली को पाठ्यक्रम से जोड़ा गया है, जिससे विद्यार्थियों की समझ मजबूत हो सके और उनकी प्रगति पर निरंतर निगरानी रखी जा सके। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में छात्र एवं अभिभावक शामिल हुए, जिससे स्कूल स्तर पर व्यवस्थित प्रतियोगी परीक्षा तैयारी की बढ़ती मांग स्पष्ट दिखाई दी। इस दौरान आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड के रीजनल फ्रैंचाइज हेड सचिन अग्रवाल ने कहा कि इंटीग्रेटेड मॉडल छात्रों के लिए पढ़ाई को सरल बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जिसमें स्कूल की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को एक ही प्रणाली में समाहित किया गया है। इससे विद्यार्थियों का अध्ययन बोझ कम होता है और उन्हें निरंतर उचित मार्गदर्शन मिलता है, जिससे बेहतर परिणाम प्राप्त करने में सहायता मिलती है। इस अवसर पर सचिन पायलट ने विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को संबोधित करते हुए इस नई पहल की शुरुआत पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल टोंक तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राजस्थान के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के प्रयासों से विद्यार्थियों को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में उज्ज्वल भविष्य बनाने में सहायता मिलेगी। इस साझेदारी के माध्यम से आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड देश के टियर-2 एवं टियर-3 शहरों में अपनी पहुंच को निरंतर बढ़ा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाली प्रतियोगी परीक्षा तैयारी उपलब्ध हो सके।                


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने