सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने पर जोर
मालपुरा (सच्चा सागर)। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कलमंडा में शुक्रवार को वार्ड 1 में हाउस होल्ड सर्वे का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आरपी सीबीईओ मालपुरा भवानी राम जाट, प्रधानाचार्य पांचू राम मीणा, उपप्राचार्य मुकेश सुनारीवाल, जतन लाल जाट सहित एसडीएमसी सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि किशन लाल कुम्हार उपस्थित रहे। टीम ने घर-घर जाकर सर्वे की प्रगति का जायजा लिया और अभिभावकों से संवाद किया। इस दौरान सभी अभिभावकों को अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन सरकारी विद्यालयों में करवाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने सरकारी स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बारे में जानकारी देते हुए अभिभावकों को जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने भी सहयोग का आश्वासन दिया।
