बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से फसल नुकसान का पीएचईडी मंत्री ने लिया जायजा
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। मंगलवार को हुई बैमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के खेतों में हुए नुकसान का जायजा लेने पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी मौके पर पहुंचे तथा अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पीएचईडी मंत्री चौधरी ने कहा कि बैमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों का काफी नुकसान हुआ है। जिसमें मुख्य रूप से चना और गेंहू की फसल ओलावृष्टि से प्रभावित हुईं है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के मौके पर राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्रत्येक किसान को भरपाई की जाएगी, चाहे बीमा कंपनी से या फिर सरकार अपने कोष से किसानों को राहत दी जाएगी। पीएचईडी बुधवार को ग्राम मांदोलाई, मेंहरु, दतोब, संवारिया, कुहाड़ा बुजुर्ग, उनियारा खुर्द, प्रतापपुरा, तांतिया, झाड़ली, इंदोली, रिण्डलिया बुजुर्ग, टोरडी सागर, तिलाजूं तथा लाम्या जुनादार गांव में फसल खराबे का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर को इस सम्बन्ध में सरकार से निर्देश दिए गए हैं, वहीं एसडीएम अमित चौधरी, तहसीलदार राहुल पारीक सहित राजस्व विभाग से गिरदावर, पटवारी एवं कृषि अधिकारियों को मौके पर गिरदावरी कर रिपोर्ट जल्द से जल्द पेश करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें फसल खराबा के नुकसान का मुआवजा समय पर दिया जा सके। इस मौके पर पूर्व डीआर रामचंद्र गुर्जर, भाजपा संवारिया मण्डल अध्यक्ष शंकर लाल चौधरी, करूणानिधि शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहें।
