टोंक (सच्चा सागर)। संघ लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 37वीं रैंक प्राप्त कर साक्षी जैन ने पूरे टोंक जिले का नाम देशभर में रोशन कर दिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिलेभर में खुशी और गर्व का माहौल है। साक्षी जैन प्ले ग्रुप से लेकर 12वीं कक्षा तक सेंट सोल्जर पब्लिक स्कूल की छात्रा रही हैं। उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिसर में पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सेंट सोल्जर एज्युकेशन ग्रुप के डायरेक्टर बाबूलाल शर्मा, एमडी हितेश शर्मा तथा प्रिंसिपल डॉ. शिप्रा बारेगामा ने साक्षी को माला और साफा पहनाकर तथा मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में साक्षी जैन ने कहा कि सेंट सोल्जर ने मुझे इस मुकाम तक पहुंचने के योग्य बनाया है। बाबूलाल जी सर मेरे आदर्श हैं। स्कूल के दिनों में उन्होंने मुझे अनुशासन में रहना सिखाया, जिसकी शिक्षा ने यूपीएससी की तैयारी में बहुत मदद की। साक्षी ने सेंट सोल्जर से जुड़ी अपनी बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि स्कूल में बिताए 13 वर्षों ने उनके व्यक्तित्व निर्माण और यूपीएससी की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, गार्ड्स, टीचर्स, प्रिंसिपल और हायर मैनेजमेंट तक सभी से उन्हें कुछ न कुछ सीखने को मिला और हर किसी का उनकी सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने बताया कि बचपन में स्कूल में पढऩे के दौरान उन्हें मंच पर बोलने में काफी झिझक होती थी, लेकिन शिक्षकों के मार्गदर्शन और सकारात्मक माहौल ने उनमें आत्मविश्वास पैदा किया। पब्लिक डीलिंग, मंच पर बोलने का साहस और व्यक्तित्व विकास जैसे गुण उन्हें सेंट सोल्जर में ही सीखने को मिले, जो आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी में बहुत सहायक साबित हुए। इस अवसर पर डायरेक्टर बाबूलाल शर्मा ने साक्षी की सफलता को पूरे सेंट सोल्जर एज्युकेशन ग्रुप के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि साक्षी ने अपने परिवार, विद्यालय और पूरे टोंक जिले का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने साक्षी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब देश सेवा की असली परीक्षा शुरू होती है, पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा करें। वहीं हिंदी विषय के शिक्षक आशीष ने साक्षी की प्रतिभा को याद करते हुए कहा कि साक्षी इतनी मेधावी छात्रा थी कि उसके उत्तरों में गलती ढूंढना मुश्किल होता था। उसके नंबर काटने से पहले दो बार सोचना पड़ता था, क्योंकि वह कभी मौका ही नहीं देती थी। साक्षी जैन की इस उपलब्धि से टोंक जिले के विद्यार्थियों को भी नई प्रेरणा मिली है और हर कोई उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।
यूपीएससी में 37वीं रैंक हासिल कर साक्षी जैन ने बढ़ाया टोंक का मान, स्कूल में हुआ भव्य स्वागत
0
