किसानों के मुद्दों पर हुआ मंथन
जयपुर (सच्चा सागर)। राजधानी जयपुर स्थित लाल कोठी किसान भवन में किसान महापंचायत की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेशभर से आए किसानों और पदाधिकारियों ने भाग लेकर कृषि, रोजगार और आर्थिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट के नेतृत्व में किसानों से जुड़े प्रमुख मुद्दों ‘खेत को पानी, फसल को दाम, युवाओं को काम’ पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान किसानों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए भविष्य की रणनीति तय की गई।
किसानों के हितों के लिए संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की समृद्धि के बिना देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने ‘आर्थिक हितों के आधार पर मतदान’ के लिए अभियान चलाने का आह्वान किया और सभी उपस्थित सदस्यों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि किसान अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर संगठित रूप से आगे बढ़ें।
अकबर खान ने रखे विचार
बैठक में अध्यक्ष रेल लाओ संघर्ष समिति एवं किसान महापंचायत के राष्ट्रीय महासचिव अकबर खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि किसान महापंचायत हमेशा से किसानों के हितों की लड़ाई में अग्रणी रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब तक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलेगा, तब तक उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार संभव नहीं है। अकबर खान ने ‘पूरा मोल, घर में तोल’ के सिद्धांत को दोहराते हुए कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा हक मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि ही देश की खुशहाली का आधार है।
प्रदेशभर से किसानों की भागीदारी
इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में युवा प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद चौधरी, बत्ती लाल, मुस्सदी लाल यादव, सत्यनारायण सिंह चौहान, प्रोफेसर साहब, गोपी लाल जाट, भागीरथ सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में किसानों के मुद्दों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने और सरकार तक अपनी मांगों को मजबूती से पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
