संपर्क पोर्टल से मिल रहा त्वरित समाधान, उपखंड अधिकारी ने किया भौतिक सत्यापन


मालपुरा (सच्चा सागर)।
राजस्थान सरकार की सुशासन नीति के तहत संचालित राजस्थान संपर्क पोर्टल आमजन की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। उपखंड क्षेत्र मालपुरा में पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ निस्तारण किया जा रहा है। राज्य सरकार एवं जिला कलेक्टर टोंक के निर्देशानुसार प्राप्त परिवादों के भौतिक सत्यापन के लिए उपखंड अधिकारी मालपुरा को तीन प्रकरण आवंटित किए गए। इसी क्रम में गुरुवार, 9 अप्रैल को उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा ने ग्राम कुरथल पहुंचकर परिवादी हीरालाल के घर जाकर शिकायत का मौके पर सत्यापन किया। इस दौरान भूमि नामांतरण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई तथा परिवादी को सक्षम न्यायालय से उचित राहत लेने की सलाह दी गई। इसके बाद ग्राम चावडिय़ा में परिवादी रामनिवास यादव के निवास पर पहुंचकर उनके प्रकरण की जानकारी ली गई। जांच में सामने आया कि परिवाद का निस्तारण हो चुका है और पोर्टल पर की गई कार्रवाई से परिवादी संतुष्ट है। इसी प्रकार मालपुरा में भी एक अन्य परिवाद का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गंभीरता से समाधान किया जा रहा है। यह पोर्टल आमजन के लिए निजी एवं सार्वजनिक समस्याओं के समाधान का सशक्त और भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रहा है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें।   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने