पुष्पा शर्मा लॉ में पीएचडी हासिल कर रचा इतिहास, महिला सशक्तिकरण पर किया शोध


टोंक (सच्चा सागर)।
  शहर की प्रतिभाशाली बेटी पुष्पा शर्मा ने अपनी शैक्षिक उपलब्धियों में एक और चमकदार मुकाम जोड़ते हुए लॉ विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें ज्योति विद्यापीठ महिला विश्वविद्यालय जयपुर द्वारा शोध कार्य पूर्ण करने पर डॉक्टरेट की डिग्री प्रदान की गई। पुष्पा शर्मा ने क्रिमिनलिटी इन सोसाइटी काउंटर टू वूमेन एन एम्पीरिकल स्टडी विषय पर प्रोफेसर डॉ. बीना दीवान के निर्देशन में अपना शोध कार्य पूर्ण किया। उनका यह शोध सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के अध्ययन पर आधारित है। विशेष बात यह है कि पुष्पा शर्मा नौ बार यूजीसी नेट उत्तीर्ण कर चुकी हैं और चार बार जेआरएफ के लिए चयनित होकर प्रदेश की एकमात्र महिला अभ्यर्थी बनी हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। पुष्पा शर्मा पूर्व में जिला अभिभाषक संघ टोंक की सदस्य के रूप में अधिवक्ता रह चुकी हैं और वर्तमान में नगर परिषद टोंक एवं जिला परिषद टोंक में विधि अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर नगर परिषद एवं जिला परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों सहित जिला अभिभाषक संघ टोंक के अधिवक्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने