खबर के बाद कुछ दिन सुधार, फिर पुराने ढरऱ्े पर लौटी व्यवस्था
- विशाल सैनी
टोंक (सच्चा सागर)। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में कचरा संग्रहण व्यवस्था की अनियमितता से वार्डवासी परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की कचरा गाड़ी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचती, जिससे घरों में कचरा जमा होने लगा है और गंदगी फैलने से बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी समाचार प्रकाशित होने के बाद कुछ दिनों तक कचरा गाड़ी नियमित रूप से आई, लेकिन अब फिर से व्यवस्था पहले जैसी हो गई है। कचरा गाड़ी का कोई निश्चित समय नहीं है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निश्चित समय नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय निवासियों के अनुसार कचरा गाड़ी कभी एक दिन में आ जाती है तो कभी दो से तीन दिन बाद आती है, वहीं कई बार तो एक-दो दिन तक बिल्कुल भी नहीं आती। इस अनियमितता के कारण लोगों को यह समझ नहीं आता कि कचरा कब बाहर रखें। कई बार गाड़ी के अचानक आने पर लोग कचरा नहीं डाल पाते और कचरा घरों में ही जमा रह जाता है।
घर-घर में जमा हो रहा कचरा, बीमारी का बढ़ा खतरा
कचरा गाड़ी के समय पर नहीं आने से घरों में कचरा जमा होने लगा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है। वार्डवासियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि कचरे में कीड़े-मकौड़े पनपने लगते हैं और मच्छरों की संख्या बढऩे से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका अधिक प्रभाव पडऩे की आशंका है।
वार्डवासियों ने नियमित व्यवस्था की उठाई मांग
वार्ड नंबर 9 के निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि कचरा गाड़ी का एक निश्चित समय निर्धारित किया जाए और उसी के अनुसार नियमित रूप से कचरा संग्रहण किया जाए। साथ ही वार्ड में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी कर कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि लोगों को गंदगी से राहत मिल सके और स्वच्छता व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। वार्डवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें मजबूरन उच्च अधिकारियों को शिकायत करनी पड़ेगी।
