अधिकारियों ने दिए शिक्षकों को सख्त निर्देश
- ओमप्रकाश चंदेल
पीपलू (सच्चा सागर)। उपखंड क्षेत्र में प्रवेशोत्सव सघन अभियान के तहत मंगलवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी विद्यालयों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सीबीईओ कृष्णा चौधरी, एसीबीईओ नरेंद्र कुमार सोगानी एवं संदर्भ व्यक्ति रविन्द्र कुमार विजयवर्गीय ने लोहरवाड़ा, पीपलू, नाथड़ी, पासरोटियां, नानेर, निम्हेड़ा, डारडा तुर्की, गहलोद, डोडवाड़ी, बोरखंडीकलां, चौगाई, बनवाड़ा, संदेड़ा, प्यावड़ी, सोहेला एवं रानोली पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों में स्पॉट चेकिंग की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रवेशोत्सव अभियान को पूर्ण गंभीरता, शुद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए, ताकि 3 से 18 वर्ष तक का कोई भी बालक-बालिका शिक्षा से वंचित न रहे। अभियान का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत 25 प्रतिशत नामित शिक्षकों को सर्वे कार्य में लगाया गया है, जिन्हें प्रात: 7 बजे से सर्वे समाप्ति तक घर-घर जाकर जानकारी जुटानी होगी। सर्वे के दौरान चिन्हित प्रत्येक बालक-बालिका का विवरण प्रवेशोत्सव ऐप में अनिवार्य रूप से दर्ज कर डाटा एंट्री एवं सिंकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा लगातार स्पॉट चेकिंग की जा रही है, ऐसे में सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के चारों चरण पूर्ण होने के बाद संबंधित पीईईओ या यूसीईईओ को प्रमाणित करना होगा कि उनके क्षेत्र का कोई भी घर सर्वे से वंचित नहीं रहा है। यदि कहीं भी सर्वे या ऐप प्रविष्टि में त्रुटि या कमी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि सर्वे के बाद प्राप्त समस्त जानकारी को शिक्षक ऐप एवं शाला दर्पण पोर्टल पर समय पर अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩा है, जिसके लिए शिक्षा विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
