शिक्षा की अलख जगाने का लिया संकल्प
देवली (सच्चा सागर)। महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर शनिवार को माली समाज द्वारा ग्राम पनवाड़ में तहसील स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम संयोजक महावीर प्रसाद माली ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय धीवर माली समाज संस्थान टोंक के जिलाध्यक्ष प्रहलाद तलाईच (उनियारा) व पनवाड़ पंचायत प्रशासक सत्यनारायण माली रहे, जबकि अध्यक्षता टोंक पटवार संघ अध्यक्ष रामदास माली ने की। अतिथियों ने महात्मा ज्योतिबा फुले की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में क्षेत्र की लगभग 70 प्रतिभाओं को प्रमाण पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने ज्योतिबा फुले और देश की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के संघर्षों को याद करते हुए शिक्षा और पिछड़ों के उत्थान पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश सैनी (कोटा), प्रेमचंद माली (देवली), रामराज सैनी, भेरुलाल माली, पत्रकार सीताराम माली (ऊँचा), छगनलाल माली (बंथली) और शिवराज माली (देवली गांव) ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। समाज के लोगों को कॉपी-पेन देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नंदकिशोर सैनी, गणेश अजमेरा, सोजी, कमलेश, राजवीर, पारस, नोरत मल और हरिशंकर सैनी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
