मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन, 7 अप्रैल तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां

टोंक (सच्चा सागर)। नगर परिषद टोंक के आगामी चुनावों को लेकर निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 24 मार्च को सभी वार्डों के मतदान केंद्रों पर कर दिया गया है। इस संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) टोंक ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के कुल 60 वार्डों में 124 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह मतदाता सूची 1 जनवरी 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की गई है। हालांकि अब 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि को ध्यान में रखते हुए पुनरीक्षण कार्य किया जा रहा है। ऐसे मतदाता जिनका नाम पूर्व में विधानसभा मतदाता सूची में था लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं है, वे संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए 7 अप्रैल 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान 7 अप्रैल को प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा 5 अप्रैल (रविवार) को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित कर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी मतदाता सूची में नाम, वार्ड एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें, क्योंकि परिसीमन के चलते वार्ड सीमाओं में परिवर्तन किया गया है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि प्रत्येक मतदाता का नाम सही वार्ड में दर्ज हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने