मतदाता नामावली के लिए विशेष अभियान, 5 अप्रैल को दावे-आपत्तियां आमंत्रित

 टोंक (सच्चा सागर)। कार्यालय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) टोंक द्वारा नगर परिषद टोंक के आगामी चुनावों के मद्देनजर निर्वाचक नामावलियों के लिए विशेष कार्यक्रम घोषित किया गया है। जारी प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार 5 अप्रैल (रविवार) को प्रात: 9 बजे से शाम 6 बजे तक जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर अधिकारी उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता नामावली में नाम जोडऩे, हटाने या संशोधन के लिए 7 अप्रैल अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके पश्चात अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 अप्रैल को किया जाएगा। एसडीएम टोंक ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची 1 जनवरी 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की गई है, जबकि पुनरीक्षण कार्य 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। ऐसे में जिन नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है और जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे इस विशेष अभियान के दौरान अपना नाम जुड़वा सकते हैं। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने मताधिकार को सुनिश्चित करने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने