टोंक के कई वार्डों में गंदगी का अंबार, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल नालों में कचरा, सडक़ों पर गड्ढे—लोगों का जीना हुआ दूभर शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग



टोंक (सच्चा सागर)।  जिला मुख्यालय टोंक के नगर परिषद क्षेत्र में इन दिनों सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के वार्ड नंबर 14, 15, 39 और 40 में पांच बत्ती से लेकर गड्ढा पहाडिय़ा तक गली-मोहल्लों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बरसाती नालों में कचरा जमा होने से हालात और भी बदतर हो गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिक रजाक अब्दुल सहित अन्य मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर परिषद टोंक द्वारा नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं करवाई जा रही है। कई स्थानों पर नालों में कचरा जमा होने से बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लोगों को आशंका है कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो बीमारियां फैल सकती हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में भी लापरवाही

गौरतलब है कि टोंक जिला मुख्यालय सचिन पायलट का निर्वाचन क्षेत्र है। इसके बावजूद शहर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था समय पर नहीं होने से नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

टूटी सडक़ों से बढ़ी परेशानी

सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शहर की कई गली-मोहल्लों की सडक़ें भी बदहाल हो चुकी हैं। कई जगह सडक़ें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, जिससे दुपहिया वाहन चालकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन चालक सडक़ पर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

क्षेत्र के लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से नियमित सफाई, नालों की सफाई और क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत करवाने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने