मालपुरा (सच्चा सागर)। नगर पालिका मालपुरा क्षेत्र के लिए विकास की नई इबारत लिखते हुए राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी की अभिशंषा पर नगरपालिका मालपुरा में करीब 27 करोड़ 99 लाख 94 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इससे नगरपालिका क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। जानकारी देते हुए प्रशासक कपिल शर्मा एवं अधिशाषी अधिकारी रामजीत चौधरी ने बताया कि नगरपालिका द्वारा पूर्व में 41 कार्यों के लिए लगभग 6 करोड़ 33 हजार रुपये के निर्माण कार्यों के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। इसके पश्चात अब पुन: 41 विकास कार्यों के लिए करीब 21 करोड़ 99 लाख 61 हजार रुपये की निविदाएं जारी की गई हैं। इन विकास कार्यों में सडक़ों का निर्माण एवं मरम्मत, नालियों का निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार, तथा अन्य आधारभूत ढ़ांचागत कार्य शामिल हैं। इससे शहर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित मांगों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगरपालिका प्रशासन के अनुसार, स्वीकृत कार्यों को चरणबद्ध तरीके से शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, ताकि आमजन को समयबद्ध लाभ मिल सके। क्षेत्रवासियों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए इसे मालपुरा के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी की अभिशंषा पर पालिका क्षेत्र में 27.99 करोड़ के होंगे विकास कार्य
0
