राहगीरों व जरूरतमंदों को हो रही भारी परेशानी, कार्यवाही की मांग
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। कस्बे के रोडवेज बस स्टेंड पर नगरपालिका की ओर संचालित रैन बसेरा और अन्नपूर्णा रसोई के सामने ट्रकों सहित अन्य निजी वाहनों के खड़े होने से रैन बसेरा में रात्रि विश्राम करने वालों और अन्नपूर्णा रसोई में भोजन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यही नहीं रैन बसेरा में अन्य गतिविधियां भी हो रही है। इस ओर न तो नगरपालिका प्रशासन का और नहीं ही पुलिस प्रशासन का ध्यान दिया जा रहा है। रोडवेज बस स्टैंड पर ट्रकों सहित अन्य निजी वाहनों के खड़े करने के लिए रैन बसेरा और अन्नपूर्णा रसोई के सामने के अलावा काफी जगह है, लेकिन रोक-टोक नहीं होने से ट्रक मालिक रैन बसेरा और अन्नपूर्णा रसोई के सामने खड़े करते हैं। कस्बे के समाजसेवियों ने पुलिस प्रशासन और नगरपालिका प्रशासन से ट्रकों सहित अन्य वाहनों को रैन बसेरा और अन्नपूर्णा रसोई से हटाकर व्यवस्थित रूप से खड़ा करने के लिए पाबंद करने की मांग की है, ताकि रैन बसेरा में रात्रि विश्राम करने और अन्नपूर्णा रसोई में भोजन करने वालों को परेशानी नहीं हो।
