सीसीटीवी में कैद बदमाश
देवली (सच्चा सागर)। शहर के जयपुर रोड जांगिड़ समाज के छात्रावास के पास रामविहार कॉलोनी में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए घर के पीछे का ताला तोडक़र मोटरसाइकिल चोरी कर ली। वारदात को लेकर पीडि़त रामप्रसाद मीणा ने थाने में रिपोर्ट दी है। इन्द्रपुरा कॉलोनी के मूल निवासी और वर्तमान में जांगिड़ छात्रावास के पास रह रहे पीडि़त रामप्रसाद मीणा पुत्र सूरजमल मीणा ने बताया कि 22 मार्च की रात करीब 11 बजे परिवार खाना खाकर सो गए थे। रात करीब एक से 2 बजे के बीच तीन अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर घर में घुसे और पीछे के गेट का ताला तोडक़र मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीडि़त ने अंदेशा जताया है कि मोटरसाइकिल के अलावा घर से अन्य सामान भी चोरी हुआ है। रिपोर्ट में बताया कि इस कॉलोनी में पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं और रात 7 बजे के बाद अज्ञात लोग यहां शराब पीकर उत्पात मचाते हैं। पीडि़त ने पुलिस से मामला दर्ज कर कार्रवाई करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।
