निवाई । जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को ग्राम पंचायत पलेई में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। रात्रि चौपाल में बीसलपुर पेयजल परियोजना से गांवों को जोडऩे, पलेई की ओर जाने वाली सडक़ की मरम्मत, ग्राम पंचायत का रिकार्ड नगर पालिका निवाई को सुपुर्द करने, गौशाला बनवाने जैसी समस्याएं सामने आई। जनसुनवाई में जिला कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं का हल तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण करें। उन्होंने उपखंड अधिकारी प्रीति मीना को विभागों से समस्याओं के निस्तारण की रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला कलेक्टर ने संवेदनशीलता से ग्रामीणों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी राज्य सरकार की मंशानुसार आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करें और पात्र लोगों को सरकार की फ्लैगशीप योजनाओं का लाभ प्रदान करें। उन्होंने बीसलपुर पेयजल परियोजना से पलेई गांव को जोड़े जाने की प्र्रगति को लेकर जलदाय विभाग के अभियंताओं से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए घर घर नल कलेक्शन के काम में गति लायें। साथ ही ग्राम पंचायत में खराब हैंडपंपो को शीघ्र दुरस्त कर रिपोर्ट एसडीएम को प्रस्तुत करें। जिला कलेक्टर ने नगर पालिका क्षेत्र में ग्राम पंचायत पलेई को शामिल करने का गजट नोटिफिकेशन जारी होने के बाद भी ग्राम पंचायत द्वारा रिकार्ड नगर पालिका को सुपुर्द नही किये जाने को गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर ही विकास अधिकारी को शीघ्र ही ग्राम पंचायत का रिकार्ड नगर पालिका को सुपुर्द करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को रोजमर्रा के कामों में असुविधा का सामना नही करना पड़े। जिला कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को पीएम सूर्यघर योजना की निवाई उपखंड में प्रगति को लेकर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की यह योजना बिजली उपभोक्ताओं के लिए हितकारी है। इसलिए इस योजना का आमजन में अधिकाधिक प्रचार प्रसार किया जाये। रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने सभी समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण करवाएं जाने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया। जनसुनवाई के दौरान तहसीलदार नरेश गुर्जर, सीएमएचओ शैलेंद्र चौधरी, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक विरेन्द्र सिंह सोलंकी, सीबीईओ, विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रशासक समेत ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।