अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला परिषद सभागार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


टोंक (सच्चा सागर)।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टोंक द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला परिषद सभागार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार जलुथरिया ने महिलाओं के अधिकारों तथा उनके कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए। पहले के समय में महिलाओं को कमतर आंका जाता था, जिससे समाज और देश के विकास में उनकी भूमिका सीमित रहती थी, लेकिन आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को सही शिक्षा और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। साथ ही महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सचिव ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीडऩ से संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए पोश एक्ट 2013 और ऑनलाइन शिकायत मंच शी-बॉक्स पोर्टल के बारे में भी महिलाओं को अवगत कराया। इस दौरान डिप्टी चीफ एलएडीसी मोहम्मद सलीम ने मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, असिस्टेंट एलएडीसी बुधराम चौधरी ने राजस्थान महिला निधि योजना तथा असिस्टेंट एलएडीसी बेणीप्रसाद गुर्जर ने लखपति दीदी योजना की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन महिला अधिकारिता विभाग टोंक के सहायक निदेशक मेरिंगटन सोनी ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने