मालपुरा । विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी डिग्गी में सोमवार को जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग टोंक के तत्वावधान में विजय सागर तालाब पर पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य फागोत्सव व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लोक संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के प्रयासों की प्रशंसा की। फागोत्सव की शुरुआत फकीरा खान एंड पार्टी की डेजर्ट सिम्फनी और कालबेलिया नृत्य से हुई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद कृष्णा शर्मा एंड पार्टी ने ‘डिग्गीपुरी का राजा’ के माध्यम से प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी। सिमरन एंड पार्टी ने चरी नृत्य, रामप्रसाद शर्मा एंड पार्टी ने कच्छी घोड़ी व अलगोजा नृत्य और यशोदा नंदन एंड पार्टी ने पारंपरिक घूमर की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। गफरूदीन एंड पार्टी ने भपंग वादन से लोकसंगीत की गूंज बिखेरी, वहीं अशोक पहाडिय़ा एंड पार्टी ने मटका-चक्का भंवई नृत्य और ज्योति शर्मा एंड पार्टी ने मनोहारी मयूर नृत्य प्रस्तुत कर तालियों की गडग़ड़ाहट बटोरी। विजय सागर तालाब के रमणीय वातावरण में आयोजित इस फागोत्सव ने न केवल धार्मिक नगरी की गरिमा को बढ़ाया, बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक-संस्कृति को भी जीवंत कर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और फागुन के रंगों में सराबोर होते रहे।
(सच्चा सागर) डिग्गी में विजय सागर तालाब पर पंच गौरव फागोत्सव ने बिखेरा लोक संस्कृति का जादू
0
