पचेवर थाना क्षेत्र के आवड़ा गांव में रिश्तों का खून : भतीजे ने चाचा को गोली मार उतारा मौत के घाट


मालपुरा (सच्चा सागर)।
उपखंड के पचेवर थाना क्षेत्र के आवड़ा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बीती देर रात एक भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। और लोग स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही पचेवर थाना प्रभारी प्रीति रतनू मय जाब्ते के मौके पर पहुंचीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ मालपुरा आशीष प्रजापत भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से मौका मुआयना किया। पुलिस ने एफएसएल और एमओयू टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी भतीजा सुरेश बावरी, शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी पत्नी रखे हुए था, जिसका उसके चाचा रमेश बावरिया लगातार विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। बीती रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि सुरेश ने एक नाली बंदूक से अपने चाचा रमेश बावरिया पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को मालपुरा जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं।       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने