टोंक में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई, 27 टीमों ने मारा छापा, 70 लाख का जुर्माना

टोंक (सच्चा सागर)।  जिला मुख्यालय पर शनिवार अल सुबह बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर और टोंक बिजली निगम की 27 टीमों ने शहर की करीब एक दर्जन कॉलोनियों में एक साथ छापेमारी की। पुलिस जाप्ते के साथ की गई इस कार्रवाई में अवैध बिजली उपयोग करने वालों पर सख्ती बरतते हुए डेढ़ सौ से अधिक कनेक्शन काटे गए। कार्रवाई के दौरान टीमों ने 160 वीसीआर (विजिलेंस चेक रिपोर्ट) भरी और करीब 70 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही भारी मात्रा में अवैध बिजली के तार और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हडक़ंप मच गया। कई लोग अवैध तार हटाने का प्रयास करते नजर आए, लेकिन उससे पहले ही निगम की टीमों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें जब्त कर लिया। बिजली निगम के एसई कन्हैया लाल पटेल ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों से अवैध बिजली कनेक्शन लेने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिससे बिजली छीजत भी बढ़ रही थी। इसी के मद्देनजर जयपुर और टोंक की 27 टीमों का गठन कर विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि पर्याप्त पुलिस बल मिलने के बाद सुबह करीब 4:30 बजे से 7:30 बजे तक पुरानी टोंक, रजबन, बड़ा कुआं, गड्ढा पहाडिय़ा सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान खंभों पर तार डालकर बिजली चोरी कर रहे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। अभियान के दौरान टोंक डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली, सदर थाना और पुरानी टोंक थाना पुलिस का भारी जाप्ता भी मौजूद रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने