फसल उजाडऩे का विरोध करने पर परिवार से मारपीट, गांव में तनाव


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाबडदुम्बा के गांव रामसिंहपुरा में फसल उजाडऩे का विरोध करने पर पीडि़त परिवार के साथ मारपीट करने का बड़ा विवाद सामने आया। पीडि़त पक्ष ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप है कि धाकड़ समाज के कुछ असामाजिक तत्वों ने बैरवा समाज के एक परिवार के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को ट्रैक्टर व अन्य उपकरणों से निकालकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गांव में सामाजिक बहिष्कार की धमकी दी और रास्ता बंद कर पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ लोग बेहोश हो गए। घायल लोगों को तुरंत सरकारी अस्पताल टोड़ारायसिंह में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को रेफर कर दिया गया। देर रात पीडि़तों का मेडिकल करवाया गया और पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर बैरवा समाज के लोग और कई सामाजिक संगठन मौके पर पहुंचे। बैरवा समाज के कई प्रतिनिधियों ने पीडि़त परिवार से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।      

 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने