बालापुरा में दर्दनाक सडक़ हादसा, ट्रैक्टर के नीचे दबने से किसान की मौत


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
उपखंड क्षेत्र के बालापुरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसे में किसान की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब किसान मजदूरों को छोडक़र अपने ट्रैक्टर को पीछे ले रहा था। इसी दौरान दूसरे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे किसान अपने ही ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बालापुरा गांव निवासी किसान बजरंग लाल जाट सोमवार को खेत पर काम कर रहे मजदूरों को ट्रैक्टर से छोडऩे आया था। मजदूरों को छोडऩे के बाद वह ट्रैक्टर को बैक कर रहा था। तभी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर ने उसके ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बजरंग लाल संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत घायल किसान को इलाज के लिए उपजिला अस्पताल टोड़ारायसिंह लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मेहंदवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि ट्रेक्टर ट्राली में सरसों की तूडी भरी हुई थी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।      


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने