- राजेश सैन
बनेठा (सच्चा सागर)। उप तहसील मुख्यालय के समीप बन रहा ईसरदा डैम पर कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां कर्मचारियों से बिना सुरक्षा उपकरणों के खतरनाक स्थान पर काम कराया जा रहा है। डेम के गेट और ढ़लान वाले हिस्से पर कर्मचारी ऊँचाई और फिसलन वाली जगह पर काम करते नजर आए, लेकिन उनके पास न तो सेफ्टी हेलमेट था, न सेफ्टी बेल्ट और न ही लाइफ जैकेट की व्यवस्था दिखाई दी। डेम जैसे संवेदनशील और जोखिम भरे स्थान पर सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य होता है, लेकिन यहां कंपनी अधिकारियों द्वारा सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। कर्मचारियों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर उनसे काम कराना सीधे तौर पर उनकी जान जोखिम में डालना माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी अधिकारी काम पूरा करने की जल्दबाजी में सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं। यदि यहां कोई हादसा होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी और संबंधित अधिकारियों की होगी। लोगों ने आरोप लगाया कि मौके पर न तो पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम हैं और न ही सुरक्षा की निगरानी की कोई व्यवस्था नजर आती है। इस पूरे मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है और प्रशासन से जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
