लांबाहरिसिंह । क्षेत्र में शिकारियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को कस्बे के केकड़ी रोड स्थित गौशाला के पीछे एक खेत में नीलगायों के शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकारियों ने करीब आधा दर्जन से अधिक नीलगायों को निशाना बनाया है । खेत में जगह-जगह नीलगायों के अवशेष पड़े मिले। इन अवशेषों को आवारा कुत्ते इधर-उधर घसीटते नजर आए, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार किसान महावीर माली बुधवार दोपहर अपने खेत पर पहुंचे तो वहां कई नीलगायों के अवशेष पड़े देखकर स्तब्ध रह गए। उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही मालपुरा से वन विभाग के रेंजर योगेश मीणा मौके पर पहुंचे और मौका रिपोर्ट तैयार कर मामले की जांच शुरू कर दी। गौरतलब है कि लांबाहरिसिंह क्षेत्र में नीलगायों के शिकार की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। 28 जनवरी को गुलगांव में तथा इससे पहले देवल गांव और भौमियाजी जंगल क्षेत्र में भी इसी तरह की घटनाएं हुई थीं। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद अब तक शिकारियों के खिलाफ ठोस कार्यवाही नहीं होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द शिकारियों को पकडक़र सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।