ईंधन संकट और महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला जलाया


मालपुरा (सच्चा सागर)।
केंद्र सरकार की विदेश नीति के कारण देश में ईंधन संकट और बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मालपुरा-टोड़ारायसिंह विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजनों ने ब्लॉक अध्यक्ष गोगाराम जाट के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला जलाया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण देश में ईंधन की समस्या बढ़ रही है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, रसोई गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी और गैस सिलेंडरों की कथित कमी से आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है। कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण करने, रसोई गैस की कीमतों में कमी लाने और आम जनता को राहत देने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में मालपुरा और टोड़ारायसिंह क्षेत्र के कई कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।             


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने