रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के विरोध में टोंक में कांग्रेस का धरना, मोदी सरकार का पुतला फूंका गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाला पैदल मार्च, नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना



टोंक (सच्चा सागर)।  रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी टोंक के नेतृत्व में शुक्रवार को गांधी पार्क में धरना दिया गया। इसके बाद गांधी पार्क से घंटाघर चौराहा तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र की मोदी सरकार का पुतला दहन किया गया। धरने को संबोधित करते हुए जिला संगठन प्रभारी एवं आमेर विधायक प्रशांत शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पहले जनता को नोटबंदी की लाइन में लगना पड़ा, फिर कोरोना के दौरान परेशानियां झेलनी पड़ीं और अब गैस की बढ़ती कीमतों से लोग त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा अब आम जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कूटनीति की विफलता और ऊर्जा प्रबंधन की नाकामी को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इसका खामियाजा आज देश की 140 करोड़ जनता भुगत रही है। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा, पूर्व विधायक कमल बैरवा, पीसीसी सदस्य कुलदीप सिंह राजावत, दिनेश चौरसिया, श्रीराम चौधरी, सलीमुद्दीन खान, देवली ब्लॉक अध्यक्ष महादेव मीणा, पीपलू ब्लॉक अध्यक्ष जयनारायण मीणा, उनियारा ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश धाकड़, निवाई अध्यक्ष सतीश शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज गुंजल, सेवादल अध्यक्ष अब्दुल खालिक, बरकत हसीन, शिवराज बैरवा, प्रवीण माणु, महमूद शाह, महावीर तोगड़ा, इरशाद बैग, कैलाशी देवी मीणा सहित कई नेताओं ने धरने को संबोधित करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। जिला सोशल मीडिया प्रभारी जर्रार खान ने बताया कि इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने