- सलीम खान
अलीगढ़ (सच्चा सागर)। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर जयपुर (राजस्थान) में तैनात रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की 83वीं बटालियन द्वारा जिले के उनियारा सर्किल अन्तर्गत अलीगढ़ थाना क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से परिचयात्मक अभ्यास (फैमिलियराइजेशन एक्सरसाइज) किया गया। कंपनी कमांडेंट कुलदीप कुमार जैन के मार्गदर्शन और सहायक कमांडेंट जयसिंह के नेतृत्व में रैपिड एक्शन फोर्स की टीम 10 मार्च से 14 मार्च तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा कर रही है। अलीगढ़ थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी पुलिस निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक भंवरलाल मीणा मय पुलिस टीम कॉन्स्टेबल रामप्रसाद मीणा, कांस्टेबल तुलसीराम जाट के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण किया गया। इस दौरान रैपिड एक्शन फोर्स और स्थानीय अलीगढ़ थाना पुलिस ने क्षेत्र की जनसंख्या, सामुदायिक दृष्टि से संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था तथा संभावित बलवाइयो-प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत आकलन किया। साथ ही राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़ी जानकारी भी एकत्रित की गई ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की साम्प्रदायिक तनाव, दंगा या प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। अभ्यास के दौरान पूरे क्षेत्र का सांकेतिक मानचित्र भी तैयार किया जा रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में निर्धारित स्थानों तक सुरक्षा बलों की त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा सके। रैपिड एक्शन फोर्स द्वारा इस तरह का परिचयात्मक अभ्यास समय-समय पर किया जाता है, जिससे स्थानीय परिस्थितियों, सामाजिक वातावरण और संभावित जोखिमों का गहन अध्ययन कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है। इस अवसर पर क्षेत्र भ्रमण के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स के निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, निरीक्षक नेमीचंद सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
