टोंक (सच्चा सागर)। बरकतों और रहमतों के माहे रमजान में आने वाले जुमातुल विदा की नमाज शुक्रवार को जिलेभर में अदा की गई। नमाज को लेकर विभिन्न मस्जिदों में विशेष इंतजाम किए गए। नगर परिषद, जिला प्रशासन, मस्जिद कमेटी से जुड़े नौजवानों तथा स्थानीय दुकानदारों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। जिलेभर में शुक्रवार को जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। काफला जामा मस्जिद में नमाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जहां एक ओर सुभाष बाजार और दूसरी ओर बर्फ वाली गली तक नमाजियों के लिए व्यवस्थाएं की गईं। इसी प्रकार शाही जामा मस्जिद बड़ा कुआं क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लोगों ने जुमातुल विदा की नमाज अदा की। नमाज के दौरान हजारों नमाजियों ने एक साथ देश और दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। उल्लेखनीय है कि इस बार जुमातुल विदा की नमाज 20 मार्च को भी हो सकती है। यदि माहे रमजान 29 दिनों का रहता है और 29 रमजान को चांद दिखाई देता है तो 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी। वहीं यदि रमजान 30 दिनों का होता है तो 20 मार्च को एक बार फिर अलविदा जुमे की नमाज अदा की जाएगी। जुमातुल विदा की नमाज के बाद शहर के बाजारों में ईद की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। काफला बाजार, छावनी, बड़ा कुआं क्षेत्र और लाडली बेगम की मस्जिद के आसपास लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी तथा दुकानों पर खरीदारी की रौनक देखने को मिली। इस अवसर पर बरकात हसीन, अताउल्ला, युसुफ खान, कमर मियां सहित कई लोगों ने नमाज के दौरान व्यवस्थाएं बनाए रखने में सहयोग किया।
टोंक में अदा हुई जुमातुल विदा की नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआएं मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, नमाज के बाद बाजारों में ईद की खरीदारी की दिखी रौनक
0
