शहीद दिवस पर निवाई में तिरंगा रैली, वीरांगनाओं व पूर्व सैनिकों का सम्मान




निवाई (सच्चा सागर)। 
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ केंद्र, टोंक तथा पूर्व सैनिक संगठन, निवाई के संयुक्त तत्वावधान में शहीद दिवस के अवसर पर निवाई में भव्य एवं गौरवमयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में नगरपालिका निवाई से शहीद स्मारक तक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एयर कमोडोर चंद्रमौली वीएसएम एवं दिलीप इसरानी (निवर्तमान अध्यक्ष, नगरपालिका निवाई) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नगरपालिका से शहीद स्मारक तक निकाली गई। भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल रैली एवं पदयात्रा रही। सैंकड़ों युवाओं, पूर्व सैनिकों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से यात्रा निकाली। रैली नगरपालिका से प्रारंभ होकर पुलिस थाना निवाई, अहिंसा सर्किल, प्रताप स्टेडियम होते हुए शहीद स्मारक पहुंची। शहीद स्मारक पर सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। इसके पश्चात कार्यक्रम में वीरांगनाओं का सम्मान किया गया तथा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को साफा और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 150 पूर्व सैनिकों को माला एवं तिरंगा दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माय भारत टोंक की ओर से लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कुमार कट्टा, सेवानिवृत्त कर्नल राजाराम चौधरी, कर्नल उमराव सिंह, कमांडर मुकुट बिहारी, सेवानिवृत्त एसडीएम लक्ष्मीनारायण परिहार, कैप्टन हनुमान सिंह, कैप्टन किशन लाल चौधरी, पुरुषोत्तम शर्मा, कैप्टन सूरजमल चौधरी, सूबेदार श्रीराम चौधरी, कैप्टन भगवान सहाय शर्मा, कैप्टन दुर्गालाल, कैप्टन सीताराम गुर्जर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। साथ ही माय भारत टोंक के स्वयंसेवक नरेंद्र सिंह, विशाल सैनी, सावन धाप, राहुल एवं हितेश सैन ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पूर्व सैनिकों का सम्मान किया।        


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने