स्टेयरिंग फेल होने से बिगड़ा नियंत्रण, सरसों की बोरियां सडक़ पर बिखरी
निवाई (सच्चा सागर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सांवरिया होटल के पास हाइवे पर सडक़ किनारे खड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें भरी सरसों की बोरियां सडक़ पर बिखर गईं। थानाधिकारी घासीराम मीणा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सरसों की बोरियां भरी हुई थीं, जिन्हें किसान निवाई मंडी लेकर जा रहा था। इसी दौरान हाइवे किनारे खड़े ट्रैक्टर को टोंक की ओर से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर की स्टेयरिंग फेल होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्रेन की सहायता से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सडक़ से हटवाकर साइड में करवाया। इसके बाद हाइवे पर यातायात को सुचारू रूप से चालू कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल ट्रैक्टर चालक की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और सडक़ पर बिखरी सरसों को समेटने में मदद की गई।
