खुले नाले में गिरी कार, बाल-बाल बचा देवली का परिवार


देवली (सच्चा सागर)।
क्षेत्र के पनवाड़ गांव में गुरुवार सुबह एक बड़ा सडक़ हादसा होते-होते टल गया। देवली की ज्योति कॉलोनी निवासी एक परिवार उस समय संकट में पड़ गया, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर एक खुले नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि कार स्कूल की दीवार से टिक गई, जिससे वाहन पूरी तरह पलटने से बच गया और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार ज्योति कॉलोनी निवासी शुभम जैन पुत्र शिखर चंद जैन अपनी नन्ही पुत्री और परिजनों के साथ चांदली माता मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। पनवाड़ गांव में सरकारी स्कूल के पास संकरे मार्ग पर थोड़ी जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान वाहन को पीछे लेते समय कार का पिछला पहिया मार्ग के किनारे स्थित खुले नाले में उतर गया। पहिया नाले में जाते ही कार असंतुलित हो गई और पास ही स्थित स्कूल की दीवार से जा टकराई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कार से परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि इस घटना में कार का साइड ग्लास टूट गया और वाहन को आंशिक क्षति पहुंची है, लेकिन जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय ग्रामीणों और पीडि़त शुभम जैन ने बताया कि पनवाड़ में सरकारी स्कूल और बस स्टैंड के पास नाले खुले होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। वर्तमान में नवरात्र के चलते चांदली माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इस मार्ग से गुजर रही है। मार्ग के संकरा होने और नालों पर ढक्कन न होने की वजह से यहां लगातार खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इन खुले नालों को ढकने और मार्ग की व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने