देवली। देवली में पिछले दिनों चोरों ने सेंट्रल बैंक के सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल चुरा ली। वारदात का पता बैंक से बाहर आने पर लगा। इसे लेकर परिवादी निखलेश कुमार मीणा पुत्र दुर्गालाल मीणा, निवासी दांता (सांवतगढ़) ने इस संबंध में पुलिस को लिखित रिपोर्ट दी है। प्रकरण के अनुसार यह वारदात बीते महीने की 25 फरवरी की है। पीडि़त निखलेश कुमार दोपहर करीब 3:15 बजे अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल लेकर देवली स्थित सेंट्रल बैंक पहुंचे थे। वह अपनी गाड़ी बैंक के सामने खड़ी कर अंदर पैसे निकलवाने चले गए। जब वह कुछ देर बाद बैंक से बाहर आए, तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। पीडि़त ने आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद जब उन्होंने पास ही स्थित होंडा शोरूम के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल को ले जाते हुए साफ दिखाई दिया। पीडि़त ने चोरी की इस पूरी वारदात का वीडियो साक्ष्य के रूप में देखा है। यह बाइक उनके पिता के नाम पर पंजीकृत है।