मालपुरा में महावीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत


मालपुरा (सच्चा सागर)।
जैन समाज द्वारा महावीर जयंती के पावन अवसर पर भगवान महावीर की भव्य शोभायात्रा हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शोभायात्रा आदिनाथ जैन मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई आदर्श नगर स्थित पांडुकशीला पहुंची। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं में अपार उत्साह नजर आया। वैश्य महासभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। महोत्सव की शुरुआत प्रात:काल भगवान श्रीजी के अभिषेक से हुई। इसके पश्चात ऊंट-घोड़ी, बैंड-बाजों और जयघोष के साथ आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा मानक चौक, आजाद चौक, गांधी पार्क, नवीन मंडी, सुभाष सर्किल और व्यास सर्किल होते हुए पांडुकशीला पहुंची, जहां कलशाभिषेक एवं विधान कार्यक्रम संपन्न हुआ। सायंकाल विशाल वाहन रैली के साथ जुलूस पुन: पांडुकशीला से आदिनाथ मंदिर पहुंचा, जहां 108 दीपकों से भव्य आरती कर महोत्सव का समापन किया गया। जन्म कल्याणक महोत्सव के अंतर्गत सायं 7 बजे विनय टॉकीज स्थित आदिनाथ सेवा सदन में कुचामन सिटी के गौरव जैन एंड पार्टी द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें जैन समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने