मालपुरा। कस्बे में ब्रह्म तालाब के सौंदर्यकरण को लेकर नगरपालिका प्रशासन द्वारा तालाब की पाल पर अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान पाल पर बने एक अवैध तीन मंजिला भवन को ध्वस्त करते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्यवाही के दौरान थानाधिकारी चैनाराम बेड़ा, अधिशाषी अधिकारी रामजीत चौधरी सहित भारी पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात रहा। अधिशाषी अधिकारी रामजीत चौधरी ने बताया कि ब्रह्म तालाब की पाल से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही अभी लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सोमवार को जिस तीन मंजिला मकान का हिस्सा पाल की सीमा में आ रहा था, उसे चिन्हित कर ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्रवाई पुलिस प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। ईओ चौधरी के अनुसार महेश सेवा सदन से गणेश जी के मंदिर तक का क्षेत्र लगभग अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है। पाल से करीब 30 से 40 फीट तक का क्षेत्र निर्धारित कर उसकी जद में आने वाले सभी कच्चे और पक्के अतिक्रमणों को बिना किसी भेदभाव के हटाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआत में 15 से 20 कच्चे-पक्के बाड़ों को हटाया गया था। इसके बाद कुल 12 मकानों को चिन्हित कर उन्हें सात दिन का नोटिस दिया गया और दस दिन बाद विधिवत कार्रवाई की गई। सौंदर्यकरण की आगामी योजना पर जानकारी देते हुए ईओ ने बताया कि फिलहाल सिंचाई विभाग द्वारा सेफ्टी वॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद सडक़ निर्माण कार्य शुरू होगा और फिर आगे की विकास योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से अमल में लाया जाएगा। होली के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी रहने की बात भी ईओ चौधरी की ओर से कही गई है।
(सच्चा सागर) ब्रह्म तालाब की पाल से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही तीन मंजिला अवैध इमारत जमींदोज
0
