जय झूलेलाल के जयकारों से गूंजा टोंक, सिंधी मेले में निकली भव्य वाहन रैली रामनगर दरबार सिंधी मंदिर से निकली प्रात:फेरी, बाबा हुंदलदास समाधि स्थल पर हुआ सत्संग देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु, मंगलवार को पल्लव कार्यक्रम के साथ होगा मेले का समापन


टोंक (सच्चा सागर)।  पूज्य सिंधी पंचायत टोंक के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय सिंधी मेले के अंतर्गत रामनगर दरबार सिंधी मंदिर, काफला बाजार में इन दिनों धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम बनी हुई है। मेले में श्रद्धालु देर रात तक संतों के आशीर्वचनों और भजनों में डूबकर भक्ति का आनंद ले रहे हैं। रविवार को मेले के अंतर्गत सिंधी मंदिर से प्रात:फेरी के रूप में भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली जय झूलेलाल के जयकारों के साथ रवाना हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा और श्रद्धालु शामिल हुए। यह रैली काफला बाजार से कचहरी गेट, नोशे का पुल, बड़ा कुआं होते हुए सवाई माधोपुर चौराहा, हेमू कालाणी सर्किल और देवली रोड से होकर सिंधी श्मशान स्थित बाबा हुंदलदास समाधि स्थल पहुंची। रैली में शामिल युवा जय झूलेलाल और जय सतनाम के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने रैली का स्वागत किया। समाधि स्थल पर सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें पूज्य संत पुष्करदास महाराज (उदयपुर), नेमीचंद महाराज (वृंदावन), स्वामी तुलसीदास महाराज और गुरु माता रानी गिदवानी ने श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए धर्म और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर रामचन्द्र मीरचंदानी (अहमदाबाद), कमल गिदवानी (मस्कट), खटटन मनवानी, महादेव गिदवानी, माघवदास बालानी, ललित तुलसानी, कैलाश बदलानी, कन्हैयालाल बदलानी, दीपक रामचंदानी, गिरिश गिदवानी, संजय गिदवानी, आशीष छंगानी, मुकेश मनवानी, जयंंत रघुवानी, भरत गिदवानी, कपित गंगवानी, एडवोकेट जयकुमार मनवानी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवक-युवतियां उपस्थित रहे। पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष माघवदास बालानी ने बताया कि वर्षों से आयोजित हो रहा यह पांच दिवसीय सिंधी मेला टोंक की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। इस मेले में राजस्थान ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों तथा देश-विदेश से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले का समापन मंगलवार को पल्लव कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें पूरी रात सत्संग और भजनों का आयोजन किया जाएगा।

राम दरबार भवन निर्माण की शुरुआत आज

पूज्य सिंधी पंचायत टोंक के तत्वावधान में रामनगर दरबार सिंधी मंदिर के नए भवन का शिलान्यास पूजन सोमवार को संत सुधासागर मार्ग स्थित रामनगर दरबार की भूमि पर किया जाएगा। संतों के सानिध्य में सिंधी समाज के बंधुओं द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमि पूजन के साथ राम दरबार भवन निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने