संवारिया गांव में जर्जर सडक़ को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाईवे पर 5 घंटे जाम

 


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। 
जयपुर-भीलवाड़ा स्टेट हाईवे पर मालपुरा केकड़ी मार्ग स्थित संवारिया गांव में रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सडक़ की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम से हाइवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार टोड़ारायसिंह राहुल पारीक और मोर थाना अधिकारी मुकेश कुमार कुमावत ने आरएसआरडीसी से सम्बंधित अधिकारियों और ठेकेदार से दूरभाष पर वार्ता कर ग्रामीणों को समझाया तथा लिखित में आश्वासन दिया। सुबह 9 बजे से लगा जाम दोपहर बाद 2 बजे खोला गया। डीआर भरतराज चौधरी ने बताया कि संवारिया गांव के पास करीब 1 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में सडक़ पर गहरे गड्ढे हो चुके हैं, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है, लेकिन विभागीय अधिकारियों और सम्बंधित संवेदक को कई बार शिकायत और आदेशों के बावजूद ठेकेदार द्वारा सडक़ निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इसी लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को सडक़ पर उतरकर जाम लगा दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सडक़ का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाएगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने