- भगवान गौतम
पीपलू (सच्चा सागर)। बरौनी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तूड़ी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़ी पिकअप पर पलट गया। हादसे में पास खड़े तीन लोगों में से एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली टोंक से निवाई की ओर जा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगडऩे से वाहन सडक़ किनारे खड़ी पिकअप पर पलट गया। हादसे में करीमपुरा निवासी ताहिर (13) पुत्र दाऊद बंजारा को पिकअप के कांच के टुकड़े गले में लग गए। परिजन उसे तुरंत निवाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि पिकअप में दो-तीन भैंसें भी मौजूद थीं। हादसे के समय मौके पर मौजूद ताहिर के चाचा शाहरुख और पिता दाऊद बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर की।
