टोंक की बेटी साक्षी जैन ने रचा इतिहास, यूपीएससी में 37वीं रैंक पर शहर में खुशी की लहर माल्यार्पण, साफा पहनाकर दी बधाई, युवाओं को लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने का दिया संदेश


टोंक (सच्चा सागर)।  टोंक की होनहार बेटी साक्षी जैन द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की प्रतिष्ठित परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 37वां स्थान प्राप्त करने पर पूरे शहर में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों द्वारा लगातार बधाई दी जा रही है। जैन सोशल ग्रुप टोंक के सदस्यों ने साक्षी जैन के निवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया। इस दौरान ग्रुप के सदस्यों ने साक्षी जैन का मुंह मीठा करवाकर, माल्यार्पण व साफा पहनाकर सम्मान किया। ग्रुप के संरक्षक जितेन्द्र जैन एडवोकेट ने कहा कि साक्षी जैन की यह सफलता पूरे टोंक जिले और जैन समाज के लिए गौरव का विषय है। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर साक्षी जैन ने भी युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने और निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। इस दौरान दिनेश कासलीवाल, ज्ञानचंद जैन, रमेश काला, विकास जैन, अशोक जैन एडवोकेट, महेश बिलासपुरिया, अशोक वैद्य, बीना जैन बंथली, पुष्पा जैन सहित ग्रुप के कई सदस्य उपस्थित रहे। इसी प्रकार साक्षी जैन के निवास पर अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन टोंक के पदाधिकारियों ने भी पहुंचकर उनका स्वागत व सम्मान किया तथा बधाई और शुभकामनाएं दीं। संगठन के शहर अध्यक्ष एवं समाजसेवी भगवान भंडारी ने बताया कि इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष राजीव बंसल ने कहा कि टोंक की इस बेटी ने जिले और समाज का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणादायक रहेगी। इस अवसर पर संगठन की ओर से साक्षी जैन के माता-पिता चेतन जैन और अंजना जैन का भी अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में राजीव बंसल, स्नेहा बम्ब, भगवान भंडारी, रेखा जैन, राजू सायवाड़ और अलका भंडारी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे तथा साक्षी जैन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने